जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए भाजपा की विचारधारा को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के अंत्योदय सिद्धांत से जोड़ा। जयपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के योगदान को नजरअंदाज किया और उनके प्रति असम्मान दिखाया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस के ऐतिहासिक व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने बाबा साहब को वह सम्मान नहीं दिया जिसके
वे हकदार थे। उन्होंने कहा, “बाबा साहब को पहला कानून मंत्री होने के बावजूद कांग्रेस ने इस्तीफा देने पर मजबूर किया। 1952 में उन्हें टिकट नहीं दिया गया, और जब उन्होंने चुनाव लड़ा, तो कांग्रेस ने उनका खुलकर विरोध किया।” शर्मा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों और कार्यों को कभी महत्व नहीं दिया। “कांग्रेस ने न तो बाबा साहब का स्मारक बनाया और न ही पंचतीर्थ की स्थापना की। बाबा साहब को भारत रत्न का सम्मान भी कांग्रेस के शासन में नहीं मिला। यह सम्मान भाजपा और अन्य नेताओं के प्रयासों से संभव हो सका।” मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि संसद में उनका व्यवहार बुजुर्गों और महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के बिना नहीं रह सकती और किसी भी हद तक जाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करती है। शर्मा ने भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पार्टी बाबा साहब के अंत्योदय सिद्धांत को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। “हम समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में उसे उसकी सही जगह दिखाएगी।