हिमाचल प्रदेश के बद्दी के मानपुरा क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया। गुरुवार को पंचायत प्रधान नामदेव धीमान के नेतृत्व में स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानपुरा पुलिस स्टेशन का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग उठाई।
सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा दून मंडल उपाध्यक्ष संजीव ठाकुर ने बताया कि पुलिस द्वारा बार-बार नशा तस्करों को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद वे आसानी से जमानत पर छूट जाते हैं। हाल ही में पकड़े गए आरोपी को तीसरी बार चिट्टा बेचते हुए पकड़ा गया था, लेकिन फिर भी उसे जमानत मिल गई, जिससे जनता में आक्रोश फैल गया।
थाना प्रभारी श्याम लाल ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया था, लेकिन अदालत ने धाराओं के अनुसार जमानत दे दी, जिससे वे असहाय हैं।
सख्त कानून बनाने की मांग
मानपुरा पंचायत प्रधान नामदेव धीमान ने कहा कि नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर आरोपी के पास 1 ग्राम, 10 ग्राम या 100 ग्राम चिट्टा भी मिलता है, तो उसे कम से कम तीन महीने तक जमानत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि आगामी बजट सत्र में सरकार इस विषय पर ठोस कदम उठाए और मौजूदा कानूनों में सख्त संशोधन करे।
प्रदर्शन में मौजूद लोग
इस प्रदर्शन में उपप्रधान ज्ञान चंद ठाकुर, रणजीत ठाकुर, संजीव गोलू, मनजीत ठाकुर, देवराज लंबरदार, विक्की, निर्मल, संदीप चौधरी, हरदेव छाबड़ी, जितेंद्र ठाकुर, रामकरण, बलराम चोपड़ा, वीरेंद्र ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, लव सिंह राजू, पवन कुमार, राजीव ठाकुर गांधी, पिंकी, निटू, बलदेव बिट्टू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
बद्दी, 7 मार्च (सतीश जैन)।